
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 17 जुलाई को हरियाणा दौरा, जींद से हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन होगा: ज्ञानचंद गुप्ता
पंचकूला, 14 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि 17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा दौरा प्रदेश के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन हरियाणा के लिए गौरव और ऐतिहासिक उपलब्धि का क्षण होगा।
ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा के प्रति हमेशा विशेष स्नेह और लगाव रहा है। अपने इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री प्रदेश को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिससे आधारभूत ढांचे, परिवहन, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है। जींद से सोनीपत मार्ग तक भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और भव्य स्वागत के साथ उनका अभिनंदन करेंगे।
गुप्ता ने कहा कि जींद में एक विशाल इको-फ्रेंडली रैली का आयोजन किया जाएगा। इस रैली में कार्यकर्ता पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए साइकिल, ई-रिक्शा या पैदल पहुंचकर भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री के स्वच्छ और हरित भारत के संकल्प को समर्पित रहेगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण हरियाणा के सभी जिलों में बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक जिले में इको-फ्रेंडली रैलियों का आयोजन कर इस अवसर को उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
ज्ञानचंद गुप्ता ने जानकारी दी कि पंचकूला में इस अवसर पर शहर के सबसे बड़े ऑडिटोरियम इंद्रधनुष में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। यहां बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक एकत्र होकर प्रधानमंत्री के संबोधन और उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण देखेंगे।
उन्होंने कहा कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा के विकास, आधुनिक परिवहन व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।