बिहार:-मधेपुरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को राजस्व कर्मचारी के नाम पर 8 हजार रुपए लेने के आरोप में एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी की पहचान सहरसा जिले के पतरघट थाना क्षेत्र के विशनपुर निवासी आशीष कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति ने राजस्व कर्मचारी बिरंजन कुमार से शिकायत की थी कि आशीष ने जमीन के दाखिल-खारिज का काम कराने के नाम पर उससे 8 हजार रुपए लिए हैं। शिकायत के बाद युवक को अंचल कार्यालय बुलाया गया। कर्मचारी ने आशीष को पहचानने से इनकार करते हुए उसके नाम पर रुपए लेने की बात से भी साफ इनकार किया।
इसके बाद सुरक्षा गार्ड की मदद से युवक को पकड़ लिया गया और मामले की सूचना सीओ व राजस्व अधिकारी को दी गई। फिर सदर थाना पुलिस को बुलाकर युवक को सौंप दिया गया।
पूछताछ में युवक ने दावा किया कि वह पहले भी राजस्व कर्मचारी के माध्यम से जमीन संबंधी काम करवाता था। हालांकि, कर्मचारी ने उसके दावे को गलत बताया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।