
गढ़ीमलहरा: टोल विवाद में नए आरोप, टोल कर्मियों ने युवकों पर दिया लिखित आवेदन
गढ़ीमलहरा क्षेत्र के उजारा टोल प्लाजा पर 18 जुलाई की रात हुई घटना अब नए मोड़ पर पहुंच गई है। जिस मामले में कुछ युवकों ने थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए थे, वहीं अब टोल प्रबंधन की ओर से भी युवकों के खिलाफ लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी गई है।
जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई की रात उजारा के पास एक ट्रक की टक्कर से एक गाय की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के कुछ युवक, जिनमें एक पूर्व छात्र नेता भी शामिल बताए जा रहे हैं, उजारा टोल प्लाजा पहुंचे। उनका आरोप था कि टोल कर्मियों ने संबंधित ट्रक को जाने दिया।
टोल कर्मियों का कहना था कि ट्रक ने सामान्य प्रक्रिया के तहत टोल शुल्क अदा किया था और उस समय उन्हें दुर्घटना की जानकारी नहीं थी। युवकों ने सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की, लेकिन कर्मचारियों ने कहा कि बिना सक्षम प्राधिकारी या पुलिस की अनुमति के फुटेज उपलब्ध नहीं कराया जा सकता। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच देर रात तक विवाद चलता रहा।
बाद में मामला गढ़ीमलहरा थाने पहुंचा। थाना प्रभारी रीता सिंह ने युवकों से दुर्घटना के संबंध में आवेदन देने की बात कही, ताकि ट्रक की पहचान कर कार्रवाई की जा सके। वहीं युवकों का आरोप था कि उन्हें टोल कार्यालय में बंधक बनाया गया था। थाने में भी वीडियो बनाने को लेकर पुलिस और युवकों के बीच बहस की स्थिति बनी।
दूसरी ओर, 19 जुलाई को टोल प्रबंधन की ओर से थाना गढ़ीमलहरा में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया गया कि कुछ युवक जबरन टोल कार्यालय में घुस आए, सीसीटीवी फुटेज देखने का दबाव बनाया, काफी देर तक कार्यालय में बैठे रहे तथा कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक किसी भी पक्ष के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।