
72 घंटे में चोरी का पर्दाफाश : बल्ह पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा, 3.30 लाख के सोने-चांदी के गहने बरामद
डेली हिमाचल न्यूज़ - मंडी - नेरचौक, 20 जून। बल्ह पुलिस ने चोरी के एक मामले का महज 72 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 3.30 लाख रुपये मूल्य के चोरी हुए सोने-चांदी के गहने भी बरामद कर लिए हैं। इस संबंध में पुलिस थाना बल्ह में एफआईआर संख्या 124/2026 दर्ज की गई थी। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता राखी पत्नी ललित कुमार ने बताया कि 17 जून को वह अपने रिश्तेदारों के घर बाकरयाला सजा में गई हुई थीं। जब वह वापस घर लौटीं तो देखा कि घर की अलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे सोने-चांदी के गहने गायब थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाना बल्ह में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल (24) पुत्र महेंद्र पाल निवासी नागचला बगला, साहिल पुत्र चुन्नी लाल निवासी बगला तथा सुजान सिंह निवासी गांव गाड़सौल, बल्ह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सुजान सिंह ने चोरी किए गए गहने खरीदे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी हुए सभी सोने-चांदी के गहने बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का अन्य चोरी की वारदातों में कोई संबंध तो नहीं है। मामले की पुष्टि एसपी मंडी विनोद कुमार ने की है।
Daily Himachal News Dhn24×7 Dhn24×7 Daily Himachal News Himachal Pradesh Police Mandi Police