
बिलासपुर में नशे पर बड़ा प्रहार: डियारा सेक्टर के दो कुख्यात तस्कर गिरफ्तार, 31 ग्राम चिट्टा बरामद
बिलासपुर | न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो
जिला बिलासपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए डियारा सेक्टर के दो प्रमुख नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 31 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को स्पेशल डिटेक्शन टीम (SDT) बिलासपुर ने कैचीमोड़ फोरलेन के पास नाकाबंदी के दौरान किरतपुर की ओर से आ रही एचआरटीसी बस (HP-28B-8121) की तलाशी ली। जांच के दौरान बस में सवार दो युवकों के कब्जे से 31 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
अरुण कुमार (32 वर्ष) पुत्र विनोद कुमार, निवासी वार्ड नंबर-8, डियारा सेक्टर, बिलासपुर।
अविनाश कुमार उर्फ कन्नू (32 वर्ष) पुत्र स्व. विनोद कुमार, निवासी वार्ड नंबर-8, डियारा सेक्टर, बिलासपुर।
इस संबंध में थाना स्वारघाट में एफआईआर नंबर 54/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी बिलासपुर क्षेत्र में इस नशीले पदार्थ की सप्लाई करने की फिराक में थे। पुलिस अब चिट्टे की इस खेप के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए गहन जांच कर रही है।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी अविनाश कुमार उर्फ कन्नू के खिलाफ पहले से भी मारपीट, धमकी और अन्य मामलों सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
जिला बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।