
लायन न्यूज़ अनूपगढ़
दीपक अग्रवाल
अनूपगढ़ में नहीं थम रही दुपहिया वाहन चोरी,
दुकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी,
मुख्य बाजार भी नहीं रही सुरक्षित,दिन दिहाड़े हो जाते है दुपहिया वाहन चोरी, वाहन सुरक्षित रखने को लेकर चिंतित लोग;
अनूपगढ़ में दुपहिया वाहनों की चोरी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। घरों के बाहर और बाजारों में खड़े वाहन चोरों के निशाने पर हैं। ताजा मामला वार्ड नंबर 24 का है, जहां किरयाने की दुकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता है। अब मुख्य बाजार भी सुरक्षित नहीं रहे है।
दुकान पर काम में जुटा रहा, पीछे से बाइक चोरी
75 जीबी निवासी जसप्रीत सिंह ने अनूपगढ़ थाने में चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। उसने पुलिस को बताया कि वार्ड नंबर 24 में भार्गव फैक्ट्री के पास उसकी किरयाने की दुकान है। वह रोजाना की तरह दुकान पर आया और काम में लग गया। शाम करीब छह बजे जब उसने अपनी मोटरसाइकिल संभाली तो वह गायब मिली। आसपास तलाश करने और अपने स्तर पर प्रयास करने के बावजूद बाइक का पता नहीं चला। इसके बाद उसने पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई यशपाल सिंह को सौंपी है।
वाहन चोरी रोकने के लिए प्रभावी गश्त की जरूरत
दुपहिया वाहन रोजमर्रा के आवागमन का प्रमुख साधन हैं। ऐसे में वाहन चोरी होने से लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ परेशानी भी उठानी पड़ती है। बाजारों और रिहायशी इलाकों में वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की नियमित गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी जरूरी है। लोगों का कहना है कि वाहन चोरी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए वाहनों की बरामदगी के लिए ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन पुलिस दुपहिया वाहन चोरों को पकड़ने में अभी तक नाकाम रही है।