
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में जनपद पौड़ी के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों पर एक अगस्त से कोटद्वार के शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रिकेट एवं बास्केटबॉल तथा पौड़ी के रांसी स्टेडियम में वॉलीबॉल का नियमित प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। खेलो इंडिया योजना की गाइडलाइन के तहत प्रशिक्षित कोचों की नियुक्ति की जा रही है। साथ ही खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें अपने ही जनपद में गुणवत्तापूर्ण एवं उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिल सकेगा।
जिलाधिकारी ने पूर्व में कोटद्वार स्थित शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम एवं पौड़ी के रांसी स्टेडियम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध खेल सुविधाओं, आधारभूत ढांचे तथा प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की थी। निरीक्षण के दौरान खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं स्थानीय खेल प्रेमियों ने नियमित प्रशिक्षकों की नियुक्ति, पर्याप्त खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थित प्रशिक्षण शिविर संचालित करने का सुझाव दिया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि एक अगस्त से प्रशिक्षण सत्र नियमित रूप से शुरू हो जाएंगे। प्रशिक्षित कोच खिलाड़ियों को खेलों की तकनीकी बारीकियों, फिटनेस, अनुशासन एवं प्रतियोगी रणनीतियों का प्रशिक्षण देंगे। नियमित अभ्यास, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और आवश्यक खेल सामग्री की उपलब्धता से खिलाड़ियों के कौशल में निखार आएगा तथा उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि क्रिकेट एवं बास्केटबॉल प्रशिक्षण के इच्छुक खिलाड़ी एक अगस्त से शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम, कोटद्वार तथा वॉलीबॉल प्रशिक्षण के इच्छुक खिलाड़ी रांसी स्टेडियम, पौड़ी में अपना पंजीकरण करा सकते हैं।