
सड़क पर गड्ढा, जिम्मेदार मौन! महीनों से मरम्मत का इंतजार
अतरौलिया–सुखीपुर मार्ग पर हादसे का खतरा, विभागीय कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
📍 आजमगढ़, उत्तर प्रदेश।
अतरौलिया से सुखीपुर जाने वाले मार्ग पर सड़क के बीचोंबीच बना गड्ढा राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह गड्ढा पिछले कई महीनों से मौजूद है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले बाइक सवारों और अन्य राहगीरों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
गौरतलब है कि मार्ग पर लगे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के बोर्ड पर नवीनीकरण कार्य की लागत 35.96 लाख रुपये दर्ज है। इसके बावजूद सड़क के बीचोंबीच गड्ढा बना रहना संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली और सड़क रखरखाव को लेकर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों के लिए यह गड्ढा कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। खासकर रात के समय या कम रोशनी में इससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
अब सवाल यह है कि जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस गड्ढे पर कब पड़ेगी? क्या संबंधित विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है, या फिर समय रहते सड़क की मरम्मत कराकर राहगीरों को राहत दी जाएगी?
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और सड़क की मरम्मत के लिए कब तक कदम उठाता है।