
हमीरपुर में 14 वर्षीय किशोरी की मौत, पुलिस को मिला सुसाइड नोट; जांच जारी
देवभूमि अलर्ट | हमीरपुर (सुजानपुर)
हमीरपुर जिले के विकास खंड सुजानपुर की ग्राम पंचायत लम्बरी के जियाणा गांव में 14 वर्षीय किशोरी की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात किशोरी घर में अचेत अवस्था में मिली। परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल सुजानपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मिले नोट में पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के कुछ सदस्यों का उल्लेख है। साथ ही, मृतका के पिता और उस परिवार के बीच पहले किसी विवाद की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी।
रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर में कराया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया।
नोट: यह मामला जांच के अधीन है। घटना से जुड़े किसी भी व्यक्ति के बारे में निष्कर्ष निकालने या अपुष्ट दावों पर विश्वास करने से बचें। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक तथ्य स्पष्ट हो पाएंगे।