
नारनौल। उदयपुर सिटी से दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच गाड़ी संख्या 09617/09618 के छह ट्रिप के लिए संचालन शुरू होने से रेवाड़ी–नारनौल–नीमकाथाना–रींगस–फुलेरा रेलखंड के दैनिक यात्रियों में उत्साह का माहौल है। दैनिक रेल यात्री एवं जन कल्याण संघ, नारनौल (पंजीकृत) ने इस रेल सेवा को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। संघ का कहना है कि इस रेलखंड पर दिल्ली और राजस्थान के प्रमुख शहरों के बीच बेहतर रेल संपर्क की मांग लंबे समय से उठाई जाती रही है।
संघ के संस्थापक अध्यक्ष एवं रेल मित्र गणेश शर्मा ने बताया कि उदयपुर से दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच इस रेल सेवा की मांग संघ द्वारा पूर्व में लिखित रूप से भी उठाई जा चुकी है। इस ट्रेन का फुलेरा, रींगस, नीमकाथाना, नारनौल, अटेली और रेवाड़ी जैसे स्टेशनों से होकर संचालन क्षेत्र के यात्रियों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। इससे यात्रियों को दिल्ली और राजस्थान के बीच आवागमन का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
उन्होंने कहा की 22 अक्टूबर 2026 को ट्रेन के संचालन के अवसर पर संघ के अध्यक्ष गणेश शर्मा, उपाध्यक्ष पूनम चंद फौजदार, संगठन प्रभारी एडवोकेट अमन जैन तथा कोषाध्यक्ष हितेंद्र कुमार सहित अन्य सदस्य नारनौल रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहे। संघ के सदस्यों ने ट्रेन में यात्रा कर सुविधाओं का अनुभव भी साझा किया। पहले दिन यात्रियों की अच्छी संख्या देखकर इस रेल सेवा के भविष्य में नियमित होने की उम्मीद मजबूत हुई है। हालांकि नियमित संचालन का निर्णय रेलवे प्रशासन द्वारा यात्री भार एवं परिचालन संबंधी पहलुओं के आकलन के बाद लिया जाएगा।
उपाध्यक्ष पूनम चंद फौजदार ने कहा कि क्षेत्र को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध करवाने के लिए ऐसी सेवाओं का विस्तार आवश्यक है। यदि इस ट्रेन को नियमित किया जाता है, तो दैनिक यात्रियों, व्यापारियों तथा अन्य यात्रियों को लाभ मिल सकता है।
संगठन प्रभारी एडवोकेट अमन जैन ने कहा कि संघ क्षेत्र की रेल समस्याओं और यात्री सुविधाओं को लेकर लगातार रेलवे प्रशासन के समक्ष मांगें रखता रहा है। संघ भविष्य में भी इस रेलखंड पर अधिक उपयोगी रेल सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास जारी रखेगा।
कोषाध्यक्ष हितेंद्र कुमार ने कहा कि संघ की एक प्रमुख भावी मांग जयपुर के खातीपुरा स्टेशन से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के लिए नई रेल सेवा शुरू करवाना है। संघ चाहता है कि रेलवे की परिचालन एवं उपलब्धता संबंधी सुविधाओं के अनुसार इस ट्रेन का साप्ताहिक संचालन शुरू किया जाए। इस मांग को लेकर भी प्रयास किए जा रहे हैं और संघ को उम्मीद है कि भविष्य में यात्रियों को इस दिशा में सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं।
दैनिक रेल यात्री एवं जन कल्याण संघ, नारनौल (पंजीकृत) ने रेलवे प्रशासन से उदयपुर–दिल्ली सराय रोहिल्ला स्पेशल ट्रेन के यात्री भार एवं परिचालन की समीक्षा कर इसे नियमित करने की दिशा में विचार करने का अनुरोध किया है। साथ ही जयपुर–खातीपुरा से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के लिए नई रेल सेवा शुरू करने की मांग पर भी सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई है। #narnaulnews #indianews16