कलश वंदन यात्रा का यमुनानगर पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत, गुरु रंग में रंगा शहर
पूजा अर्चना के बाद पवित्र कलशों को जिले के 16 मंडलों के लिए किया रवाना
यमुनानगर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कलश वंदन यात्रा के यमुनानगर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। पूरा शहर गुरु भक्ति और समरसता के रंग में रंगा नजर आया। मॉडल टाउन स्थित सनातन धर्म मंदिर में श्री गुरु रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पावन माटी के कलश की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात श्रद्धापूर्वक पवित्र कलशों को जिले के सभी 16 मंडलों के लिए रवाना किया गया, ताकि प्रत्येक मंडल में श्रद्धालु इस पावन माटी के दर्शन एवं वंदन का सौभाग्य प्राप्त कर सकें।