
महमूदापुर खुर्द में हरे पेड़ों की अवैध कटान मामले में वन विभाग की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
डेरापुर थाना क्षेत्र के महमूदापुर खुर्द गांव में हरे पेड़ों की अवैध कटान का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने पेड़ों के मालिक के खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे वनरक्षक साधना देवी अपने हमराहियों के साथ गश्त पर थीं। इसी दौरान उन्हें फोन पर महमूदापुर खुर्द गांव में हरे पेड़ों की कटाई की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक महुआ और 11 नीम के पेड़ कटे हुए मिले।
स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया कि उक्त पेड़ों के मालिक अनीस आलम पुत्र स्वर्गीय बाबू खां निवासी महमूदापुर खुर्द द्वारा कथित तौर पर बिना अनुमति पेड़ों की कटान और उनकी ढुलाई कराई गई थी।
थाना प्रभारी धीरेन्द्र सिंह ने मंगलवार को करीब 4 बजे बताया कि वनरक्षक साधना देवी की तहरीर के आधार पर आरोपी अनीस आलम के खिलाफ धारा 4/10 वन संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस और वन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।