
पालमपुर में नशे पर पुलिस का बड़ा प्रहार, हेरोइन और नकदी सहित 6 युवक गिरफ्तार।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो | पालमपुर
कांगड़ा जिले के पालमपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह युवकों को हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3.71 ग्राम हेरोइन और ₹6,000 नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर की गई जांच के दौरान आरोपियों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से हेरोइन और नकदी बरामद हुई। इसके बाद सभी आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद हेरोइन की सप्लाई कहां से हुई और इसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कांगड़ा पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे के दलदल से बचाने और तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशे के कारोबार या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को और मजबूती मिल सके।