
बिहार के बक्सर में जासो रोड स्थित दुर्गा पूजा पंडाल इन दिनों अपनी अनोखी थीम को लेकर चर्चा में है। करीब 8.75 लाख रुपये की लागत से तैयार इस पंडाल में भरत तिवारी एनकाउंटर और बाढ़ पीड़ितों की परेशानियों को मूर्तियों और दृश्यों के जरिए दर्शाया गया है।
पंडाल के एक हिस्से में बाढ़ से घिरे घर, डूबे स्कूल और पानी के बीच से गुजरते लोगों की मुश्किलें दिखाई गई हैं। वहीं, दूसरे हिस्से में 17 जून 2026 को भोजपुर के बिलौटी गांव में हुए पुलिस एनकाउंटर से जुड़े दृश्य बनाए गए हैं। भरत तिवारी की मौत के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठे थे और मामला न्यायिक जांच तक पहुंचा था।
पंडाल में भरत तिवारी को चौकी पर लेटे हुए, हाथ में पिस्टल लिए दिखाया गया है। सामने पुलिसकर्मी और सिरहाने उनकी मां हाथ जोड़कर खड़ी दिखाई गई हैं। समिति के अनुसार, मां काली की रौद्र प्रतिमा के जरिए मां के दर्द और गुस्से को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाने की कोशिश की गई है।
खास बात यह रही कि भरत तिवारी की मां भी परिवार के साथ पंडाल देखने पहुंचीं। बेटे से जुड़े दृश्य देखकर वह भावुक हो गईं और रोने लगीं। लगभग दो महीने में तैयार इस पंडाल को देखने श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंच रही है।