
बाबा मैरिज हाल में 24 घंटे चलेगा भंडारा, विश्राम व स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था
#पिहानी (#हरदोई)। श्रावण मास में भगवान शिव के दर्शन के लिए आने-जाने वाले कांवड़ियों की सेवा और सुविधा के उद्देश्य से समाजसेवी जोगराज सिंह द्वारा पिहानी-हरदोई मार्ग स्थित बाबा मैरिज हाल (तीन-चार नंबर) में पूरे सावन माह तक विशाल सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में 24 घंटे निःशुल्क भोजन, विश्राम, पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सेवा शिविर में कांवड़ियों के ठहरने और आराम करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। आयोजकों के अनुसार भोजन प्रसाद की व्यवस्था दिन-रात निरंतर जारी रहेगी।
कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पिहानी कोतवाली प्रभारी श्याम नारायण सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पूरे आयोजन के दौरान 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा, जिससे कांवड़ियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
समाजसेवी जोगराज सिंह ने बताया कि सावन में शिवभक्तों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य है। इसी भावना के साथ यह सेवा शिविर संचालित किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में सुभाष पाल भोजनालय व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि आशीष श्रीवास्तव, सुरेंद्र पाल, बबलू पाल, पंकज यादव सहित अनेक स्वयंसेवक कांवड़ियों की सेवा में निरंतर जुटे रहेंगे।
श्रद्धा, सेवा और मानवता का यह अनूठा प्रयास सावन माह में शिवभक्तों के लिए राहत और सहयोग का केंद्र बनेगा तथा समाज में सेवा-भाव की प्रेरणा भी देगा।
फोटो परिचय----सावन भर कांवड़ियों की सेवा का संकल्प लेने वाली जोगराज सिंह की टीम
Sadar, Lucknow | Jul 28, 2026