
डेहरी ईओ विमल कुमार हत्याकांड में नया मोड़, आरोपी ड्राइवर की पत्नी बोली- पति को फंसाया गया; जांच के लिए SIT गठित
#डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है. मुख्य आरोपी और चालक मिथिलेश कुमार की पत्नी आरती देवी ने पति को साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया है. वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया है.
मिथिलेश कुमार की पत्नी आरती देवी ने दावा किया कि उनके पति को सुनियोजित साजिश के तहत फंसाया जा रहा है. उनका कहना है कि मिथिलेश ने कभी नौकरी के दबाव या ईओ विमल कुमार से किसी विवाद की बात घर में नहीं बताई. उन्होंने कहा कि दोनों के संबंध अच्छे थे और उनके पति हमेशा अधिकारी के व्यवहार की तारीफ करते थे.
आरती देवी ने आरोप लगाया कि पुलिस के दबाव में उनके पति से हत्या कबूल करवाई गई है. हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति विशेष पर संदेह नहीं जताया, लेकिन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि उनके पति परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं और गिरफ्तारी के बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है.