धर्मपुर गौशाला में राज्य मंत्री अजीत सिंह पाल ने किया पौधारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश..
पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से रविवार शाम 4 बजे विकास खंड संदलपुर के धर्मपुर स्थित गौशाला परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री अजीत सिंह पाल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत स्वयं पौधा रोपकर जनसामान्य को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
राज्य मंत्री ने कहा कि तेजी से बढ़ रही ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण असंतुलन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि प्रत्येक नागरिक अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी नियमित देखभाल भी करे। उन्होंने कहा कि पौधे केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए लगातार प्रयासरत है। यदि हर व्यक्ति पौधारोपण को अपना नैतिक दायित्व समझे तो प्रदेश को हराभरा और प्रदूषणमुक्त बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी प्रद्युम्न कुमार, तहसीलदार राकेश चंद्रा, थाना प्रभारी महेश दुबे, ब्लॉक प्रमुख मीनू तिवारी, वन विभाग से रविशंकर, साधना एवं शबनम, एनजीओ संचालक संतोष गुप्ता, गौशाला प्रबंधक विंकल सिंह, ग्राम पंचायत सचिव आकांक्षा त्रिपाठी, ग्राम प्रधान संजय गुप्ता, एडीओ पंचायत रंजीत सिंह, डॉ. अजय द्विवेदी, नीरज यादव सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया।
Sikandra, Kanpur Dehat | Jul 12, 2026