रायपुर के लक्ष्मी नारायण चक्रधारी और परमेश्वर चक्रधारी अपनी शानदार मूर्तिकला से पूरे देश में पहचान बना रहे हैं। दोनों भाइयों द्वारा बनाई गई मां दुर्गा की भव्य मूर्ति सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही है। उनकी बारीक कारीगरी और आकर्षक कलात्मक शैली लोगों का ध्यान खींच रही है।
लक्ष्मी नारायण चक्रधारी ने खैरागढ़ स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय से मूर्तिकला में बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (BFA) की पढ़ाई पूरी की है। बचपन से ही उन्हें मूर्तिकला में गहरी रुचि रही है। रायपुर में महादेव घाट के पास दोनों भाइयों का अपना कला केंद्र है। उनकी बनाई मूर्तियां छत्तीसगढ़ के अलावा देश के दूसरे राज्यों में भी पहुंच रही हैं और उनकी कला को खूब सराहना मिल रही है।