मध्य प्रदेश के बड़वानी में भाजपा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने हिंदू युवाओं से जल्द शादी करने और पांच-पांच बच्चे पैदा करने की अपील की है। शुक्रवार रात कालिका माता मंदिर परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने जनसंख्या और बदलते डेमोग्राफिक ट्रेंड को लेकर अपनी बात रखी। सांसद ने कहा कि आज युवा 30 से 35 साल की उम्र में शादी कर रहे हैं और कई परिवारों में सिर्फ एक बच्चा है या बच्चे नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि हिंदू समाज की जन्म दर 1.9 है, जबकि दूसरे समुदाय की जन्म दर 2.9 है। पटेल ने युवाओं से परिवार बढ़ाने और समाज को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने अपने '3D' अभियान का जिक्र करते हुए DJ, ड्रग्स और दहेज से दूर रहने की बात भी कही। साथ ही युवाओं को जिम के बजाय अखाड़ों और योग से जुड़ने की सलाह दी।