
सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के मामले में राखी सिकरवार गिरफ्तार, जेल भेजा,
पोरसा। सोशल मीडिया पर कथित रूप से जातिगत वैमनस्य बढ़ाने वाली एवं आपत्तिजनक सामग्री वाला वीडियो पोस्ट करने के मामले में पोरसा थाना पुलिस ने राखी सिकरवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता विष्णु सिंह तोमर की शिकायत पर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के आरोप में राखी सिकरवार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वीडियो के माध्यम से विभिन्न जातिगत वर्गों के बीच वैमनस्य पैदा करने वाली सामग्री प्रसारित की जा रही थी, मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(b), 353(2), 79 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक घटना 10 सितंबर 2026 की बताई गई है, जबकि FIR 19 सितंबर 2026 को दर्ज हुई।
FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने राखी सिकरवार को गिरफ्तार किया और न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया। मामले की जांच निरीक्षक जयदीप सिंह भदौरिया द्वारा की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और संबंधित डिजिटल सामग्री की भी जांच कर रही है।
नोट: FIR में लगाए गए आरोप जांच के अधीन हैं। अभी आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।