
दुष्कर्म के प्रयास का नामजद आरोपी एसआईटी और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार, बारारी थाना में दर्ज मामले में लंबे समय से थी तलाश, तकनीकी अनुसंधान और मानव सूचना के आधार पर मिली सफलता
कटिहार पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में दुष्कर्म के प्रयास के एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, बारारी थाना क्षेत्र के बकिया दियारा निवासी अंशु कुमार ने 3 अक्टूबर 2025 को अपनी बहन के साथ जबरन छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाते हुए बारारी थाना में आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर बारारी थाना कांड संख्या 309/25 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसटीएफ के सहयोग से एक विशेष छापेमारी दल (एसआईटी) का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानव सूचना के आधार पर बारारी थाना क्षेत्र के बकिया दियारा में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी विडियो यादव (32 वर्ष), पिता–विशेश्वर यादव, निवासी–बकिया दियारा, थाना–बारारी, जिला–कटिहार को गिरफ्तार कर लिया। कटिहार पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।