
बिजली के करंट की चपेट में आने से भैंस की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश
पांकी। पांकी प्रखण्ड के नूरू पंचायत अंतर्गत सरेडीह गांव में बिजली के तार की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
भुक्तभोगी संजय यादव एवं नूरू पंचायत समिति सदस्य मिथलेश यादव ने बताया कि गांव में बिजली का तार काफी दिनों से जर्जर अवस्था में था और इसके गिरने की सूचना पहले ही संबंधित विभाग को दी गई थी। इसके बावजूद समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण उनकी भैंस बिजली के करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय पर बिजली के टूटे अथवा झूलते तारों की मरम्मत कर दी जाती, तो इस तरह की घटना नहीं होती। उन्होंने बिजली विभाग से मामले की जांच कर उचित मुआवजा देने तथा गांव में जर्जर बिजली तारों को शीघ्र बदलने की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने बिजली विभाग से सुरक्षा मानकों का पालन करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।
Panki, Palamu | Jun 23, 2026