
सूरजगढ़ के विकास को मिली रफ्तार: डीएमएफटी के तहत 5.65 करोड़ के कार्यों की वित्तीय स्वीकृति जारी
यशदीप खबर@ सूरजगढ़। सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और लंबे समय से चली आ रही मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु विधायक श्रवण कुमार के विशेष प्रयासों से 5.65 करोड़ रुपये (₹564.88 लाख) के विकास कार्यों की प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। विधायक द्वारा क्षेत्र की समस्याओं को जिला खनिज प्रतिष्ठान ट्रस्ट (DMFT) एवं राज्य सरकार के समक्ष मजबूती से उठाने के बाद यह स्वीकृति जारी हुई है। सूरजगढ़ के ग्रामीण अंचलों में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाना विधायक की प्राथमिकताओं में रहा है। इस स्वीकृति के तहत क्षेत्र के दर्जनों गांवों- लोटिया, भुडनपुरा, कासनी, धिगडिया, किढवाना, हीरखा, कलगांव, झांझा, झारोड़ा, पचेरी कलां, भैसावता कलां, डांगर, ढाणा, दांढोत, सैदपुर, राजपुरा, पुहानियां, बडसरी का बास, गुंती, नरात, ईश्कपुरा, सांतड़िया सहित अन्य ढाणियों में नए नलकूप निर्माण, सूखे ट्यूबवेल के स्थान पर नए सोर्स बनाने, विद्युत कनेक्शन एवं पाइपलाइन बिछाने के कार्यों के लिए ₹3.62 करोड़ की मंजूरी दी गई है।आवागमन को बेहतर बनाने के लिए जाखोट से राठियों की ढाणी (2 किमी) सड़क निर्माण हेतु ₹50 लाख तथा जाखोट से लोदिया रोड (3 किमी) सड़क निर्माण के लिए ₹75 लाख की लागत से काम करवाया जाएगा। वहीं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए भैसावता कलां, मुरादपुर और सिंघाना में गंदे पानी की निकासी के लिए सीवरेज लाइन हेतु ₹27.90 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के तहत सिंघाना/सूरजगढ़ क्षेत्र में नमो वन स्थापना हेतु ₹50 लाख की राशि स्वीकृत हुई है। विधायक श्रवण कुमार ने कहा "सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र का विकास और यहाँ के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान करना ही मेरा मुख्य ध्येय है। पानी, सड़क और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए जनता को परेशान न होना पड़े, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इन स्वीकृतियों से क्षेत्र के दर्जनों गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और विकास कार्यों को तीव्र गति से गुणवत्ता के साथ पूरा करवाया जाएगा।"