
महेंद्रगढ़ बार एसोसिएशन के प्रधान बने संदीप यादव, 128 मतों से दर्ज की जीत
महेंद्रगढ़, 11 सितंबर। महेंद्रगढ़ बार एसोसिएशन के चुनाव में संदीप यादव ने लगातार दूसरी बार प्रधान पद पर जीत हासिल की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी अजनेश यादव को 128 मतों के अंतर से हराया। चुनाव में कुल 302 मतों में से संदीप यादव को 200, अजनेश यादव को 72 तथा राजेश लांबा को 27 वोट मिले। तीन मत रद्द घोषित किए गए।
उपप्रधान (महिला आरक्षित) पद पर सुनीता सिंह ने 125 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। शशि बाला को 89 तथा शर्मिला यादव को 86 वोट मिले। सामान्य उपप्रधान पद पर अंकित यादव खायरा ने 220 मत प्राप्त कर मनोज कुमार शर्मा को 139 मतों से हराया। मनोज कुमार शर्मा को 81 वोट मिले।
महिला सहसचिव पद पर सुमन कुमारी ने 188 मत प्राप्त कर सोनिया कुमारी को 75 मतों से पराजित किया। सोनिया कुमारी को 113 वोट मिले। खजांची पद पर पुष्पेंद्र ने 158 मत प्राप्त कर राहुल को 17 मतों से हराया। राहुल को 141 वोट मिले।
संदीप यादव के दोबारा प्रधान निर्वाचित होने पर हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव तथा नारनौल विधायक एवं पूर्व मंत्री ओम प्रकाश यादव ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संदीप यादव हार-जीत को भुलाकर सभी अधिवक्ताओं को साथ लेकर बार के उत्थान तथा आमजन की सेवा के लिए कार्य करें।
संदीप यादव के प्रधान निर्वाचित होने पर उनके समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर एवं बधाई देकर खुशी जाहिर की। समर्थकों ने कहा कि उनके नेतृत्व में बार एसोसिएशन अधिवक्ताओं के हितों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाएगी।
फोटो कैप्शन: शुक्रवार को महेंद्रगढ़ बार एसोसिएशन के चुनाव में प्रधान पद पर जीत हासिल करने के बाद बार सदस्यों के साथ खुशी मनाते नवनिर्वाचित प्रधान संदीप यादव।