
जिलाधिकारी से मिलकर उठाई गई बिजली और राशन वितरण की समस्या
भटनी/देवरिया। भटनी नगर पंचायत के एक वार्ड प्रतिनिधि ने मंगलवार को माननीय जिलाधिकारी, देवरिया से मुलाकात कर क्षेत्र की दो प्रमुख जनसमस्याओं—बिजली आपूर्ति और राशन वितरण केंद्र की दूरी—के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधि ने बताया कि भटनी नगर पंचायत में बिजली आपूर्ति की समस्या से आम जनता परेशान है। साथ ही उनके वार्ड के लोगों को राशन प्राप्त करने के लिए लगभग दो किलोमीटर दूर जाना पड़ता है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य पात्र लाभार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
जिलाधिकारी ने दोनों समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रतिनिधि के समक्ष ही एक्सईएन, सलेमपुर तथा जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। राशन वितरण व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि संभवतः अगले माह अथवा अगस्त से संबंधित वार्ड में ही राशन वितरण शुरू कराने की व्यवस्था की जाएगी।
बिजली समस्या के समाधान के संबंध में एक्सईएन, सलेमपुर ने बताया कि भटनी नगर पंचायत के जिन वार्डों में अभी तक केबिलिंग का कार्य शेष है, वहां नवंबर माह तक कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा। इसके बाद पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में केबिल तार पूर्ण रूप से स्थापित हो जाएंगे।
वार्ड प्रतिनिधि ने जिलाधिकारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी तथा क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से वे आगे भी क्षेत्र की छोटी-बड़ी समस्याओं को उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयासरत रहेंगे।