
एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी डिग्री, अंकतालिकाएं और जाली विश्वविद्यालयीय दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ पौड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में पहले नामजद आरोपी कासिफ कलीम की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि अब पुलिस ने देहरादून के रायपुर क्षेत्र से **देवांश पाण्डेय (20)** को दबोचा है।
मामला 25 मार्च 2026 को सामने आया था, जब एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक **जय सिंह चौहान** ने कोतवाली श्रीनगर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विश्वविद्यालय के नाम, अंकतालिकाओं, डिग्री प्रारूपों, आधिकारिक मोहरों और अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। इस पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक **सर्वेश पंवार** के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने गहन विवेचना, सूचना संकलन और तकनीकी जांच के बाद देवांश पाण्डेय की संलिप्तता उजागर की। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से फर्जी अंकतालिकाएं, कूटरचित दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख भी बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फर्जी डिग्री सिंडिकेट से जुड़े अन्य संदिग्धों और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण से जुड़े प्रत्येक पहलू की गहन जांच कर अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।