
#सोहागपुर: #अवैध_शराब_परिवहन करते युवक गिरफ्तार, 15 पेटी शराब जब्त
अवैध शराब परिवहन करते युवक को पुलिस ने पकड़ा, 15 पेटी शराब जब्त
मारुति कार से 75 हजार की शराब बरामद, आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा गया
सोहागपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ एवं शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा के निर्देशन एवं एसडीओपी संजू चौहान के मार्गदर्शन में 4-5 जून की दरमियानी रात मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई। सूचना के अनुसार एक सफेद रंग की मारुति कार में अवैध शराब पिपरिया से नर्मदापुरम की ओर ले जाई जा रही थी। पुलिस टीम ने रेवा बनखेड़ी-सोहागपुर मोड़ पर घेराबंदी कर कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक भागने लगा, जिसे टीम ने पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार से 15 पेटी देशी प्लेन शराब (कुल 750 क्वार्टर, 135 लीटर) बरामद हुई।
आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पियूष उर्फ प्रवीण (22) निवासी भाट मोहल्ला, इटारसी बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मारुति कार (एमपी 05 सीए 6355) सहित कुल 5 लाख 75 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
शराब के स्रोत पर जांच जारी
सूत्रों के अनुसार यह अवैध शराब पिपरिया के पास हरियाली किसान बाजार स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास की एक शराब दुकान से लोड की गई थी। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शराब को कहां खपाने की योजना थी। पुलिस मामले की जांच करते हुए पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की पड़ताल में जुटी हुई है।