
🚨यमकेश्वर के सरकारी स्कूल में अंग्रेजी शिक्षा पर बवाल, कार्रवाई न हुई तो आंदोलन
यमकेश्वर विकासखंड के शीला स्थित प्राथमिक विद्यालय में अंग्रेजी विषय की पढ़ाई को लेकर अभिभावकों में नाराजगी बढ़ गई है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेता विनोद डबराल ने क्षेत्र के कई अभिभावकों के साथ खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को शिकायत पत्र सौंपकर विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था की जांच और तत्काल सुधार की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि विद्यालय में लंबे समय से अंग्रेजी विषय का नियमित शिक्षक नहीं होने के कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अभिभावकों का आरोप है कि बच्चों को अंग्रेजी का प्रभावी शिक्षण नहीं मिल पा रहा, जिससे उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता और भविष्य पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
विनोद डबराल ने बताया कि छात्रों की अंग्रेजी विषय की कॉपियों का निरीक्षण करने पर नियमित पढ़ाई न होने के संकेत मिले हैं। उनका कहना है कि प्राथमिक स्तर पर अंग्रेजी की मजबूत नींव बेहद जरूरी है और इस स्तर पर लापरवाही बच्चों की आगे की शिक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है।
शिकायत पत्र पर सीमा देवी, हेमा देवी, बसंती देवी, सुमन देवी और नवीन सिंह सहित कई अभिभावकों के हस्ताक्षर हैं। सभी ने विद्यालय में जल्द से जल्द अंग्रेजी शिक्षक की नियुक्ति और शिक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
विनोद डबराल ने बीईओ से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो अभिभावकों के साथ मिलकर आंदोलन शुरू किया जाएगा।