
सांदीपनि कृषि विद्यालय के विद्यार्थियों की बढ़ी मुश्किलें, नपाध्यक्ष देवराज सोनी ने शासन से की स्कूल वाहन उपलब्ध कराने की मांग
रहली -नगरपालिका परिषद रहली के अंतर्गत संचालित 'सांदीपनि शासकीय कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय' में पढ़ने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं को जल्द ही आवागमन की समस्या से निजात मिल सकती है। विद्यालय में बढ़ती विद्यार्थियों की संख्या और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले बच्चों की कठिनाइयों को देखते हुए, नपाध्यक्ष देवराज सोनी ने म.प्र. शासन, भोपाल को पत्र लिखकर विद्यालय के लिए स्कूल वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की है।
संविलियन के बाद बढ़ी विद्यार्थियों की संख्या
नपाध्यक्ष देवराज सोनी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि रहली नगर के विभिन्न क्षेत्रों—जैसे खमरिया, पंढ़लपुर, पटनाककरी और मोहर—में संचालित शासकीय विद्यालयों का सांदीपनि कृषि विद्यालय में संविलियन (मर्जर) कर दिया गया है। इस विलय के बाद से विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे छात्र-छात्राएं शामिल हैं जो दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों से प्रतिदिन शिक्षा ग्रहण करने आते हैं।
परेशान अभिभावकों ने की थी मांग
विद्यार्थियों को प्रतिदिन स्कूल आने-जाने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने इस समस्या को लेकर नपाध्यक्ष के समक्ष अपनी चिंता व्यक्त की थी और विद्यालय में शासन स्तर से वाहन व्यवस्था कराए जाने की मांग की थी।
जनहित में निर्णय लेने का आग्रह
अभिभावकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नपाध्यक्ष देवराज सोनी ने जनहित को ध्यान में रखते हुए शासन से तत्काल प्रभाव से स्कूल वाहन उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में विद्यार्थियों को सुगम साधन मिलना उनका अधिकार है, ताकि वे बिना किसी तनाव के अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को पूरा कर सकें।
अब देखना यह है कि शासन स्तर से इस मांग पर कितनी जल्दी अमल किया जाता है और रहली के ग्रामीण विद्यार्थियों को कब तक स्कूल वाहन की सौगात मिलती है।
Rehli, Sagar | Jul 9, 2026