
ओझा-गुनी के बहाने महिला से सामूहिक दुष्कर्म, महागामा पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार।
महागामा (गोड्डा): महागामा थाना पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को भागलपुर जिले के सनोखर थाना क्षेत्र की एक महिला ने महागामा थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि ग्राम लौगाय निवासी मो. अकरम ने खोया हुआ मोबाइल ओझा-गुनी के माध्यम से खोजने का झांसा देकर 5 जुलाई की रात अपने 5-6 साथियों के साथ मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
महिला के आवेदन के आधार पर महागामा थाना कांड संख्या 130/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
एसआईटी ने मानवीय एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी मो. अकरम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक टोटो और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. अकरम (19 वर्ष), नूर नबी (35 वर्ष), मो. युसुफ (22 वर्ष), मो. आसिफ (21 वर्ष) तथा खुर्शीद आलम (23 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी महागामा थाना क्षेत्र के लौगाय गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Jharkhand Police, Godda #गोड्डा #mahagama #Lalmatia