मोतिहारी में एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई: 5 पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन के साथ हथियार तस्कर गिरफ्तार
मोतिहारी (पूर्वी चम्पारण): पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रघुनाथपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर समस्तीपुर निवासी एक शातिर हथियार तस्कर को भारी मात्रा में अवैध असलहों के साथ दबोच लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना अंतर्गत मुस्तफापुर निवासी मो० अहमद (पिता: नूर मोहम्मद) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 05 पिस्टल, 05 जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन बरामद किए गए हैं।
पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि मजूरहां फायरिंग रेंज के पास एक व्यक्ति अवैध हथियारों की बड़ी खेप सप्लाई करने के लिए पहुंचने वाला है। सूचना के सत्यापन और तत्काल कार्रवाई के लिए सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इस टीम में तुरकौलिया के पर्यवेक्षी पदाधिकारी पुलिस निरीक्षक धर्मवीर कुमार भारती, रघुनाथपुर थानाध्यक्ष पु०अ०नि० धनंजय कुमार, जिला आसूचना इकाई मोतिहारी एवं रघुनाथपुर थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिन्हित स्थल पर दबिश दी और झोला लिए खड़े संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा। तलाशी लेने पर झोले से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद हुआ। मामले में रघुनाथपुर थाना कांड संख्या 275/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और इसके नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।