
बदायूं में दो दर्दनाक हादसे, युवक और ट्रैक्टर चालक की मौत
बदायूं। जिले में सोमवार को हुए दो अलग-अलग हादसों में एक युवक और एक ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में कोहराम मच गया।
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
थाना बिनावर क्षेत्र के उझौली गांव के पास बरेली-कासगंज रेलवे ट्रैक पर सोमवार सुबह एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गिरधरपुर निवासी हरिओम श्रीवास्तव (20 वर्ष) के रूप में हुई।
पुलिस को युवक की जेब से आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान हो सकी। उसके बैग में मथुरा से घटपुरी तक का रेलवे टिकट और संत प्रेमानंद महाराज की तस्वीर भी बरामद हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हरिओम मथुरा से दर्शन कर अपने गांव लौट रहा था। बताया जा रहा है कि उझौली के पास ट्रेन की रफ्तार कम होने पर उसने उतरने का प्रयास किया, तभी हादसा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
हरिओम पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी शादी नहीं हुई थी और माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था।
खाद लदा ट्रैक्टर-ट्रॉला पलटा, चालक की मौत
वहीं दूसरी घटना अलापुर थाना क्षेत्र में बदायूं-फर्रुखाबाद हाईवे पर हुई। खाद से लदा ट्रैक्टर-ट्रॉला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल चालक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान संभल जिले के निवासी तालिब पुत्र अशरफ के रूप में हुई।
जानकारी के मुताबिक तालिब चंदौसी से म्याऊं की ओर खाद लेकर जा रहा था। अभियासा गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है।
दोनों हादसों से संबंधित क्षेत्रों में शोक का माहौल है।
#badaun24news