
सीतापुर स्पेशल: बीस घंटों का 'महा-घंटाल' गिरफ्तार, अब थाने में बजेगी पुलिस की वाहवाही!
सीतापुर: कानून के लंबे हाथों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अपराध चाहे जितना छोटा हो या फिर धार्मिक और आध्यात्मिक गहराई से जुड़ा हो, खाकी की नजरों से बच नहीं सकता। जनपद के थाना इमलिया सुल्तानपुर पुलिस ने एक ऐसे शातिर और 'आस्थावान' चोर को दबोचा, जिसने भगवान के दरबार में भी सेंध लगाने से गुरेज नहीं किया। पुलिस ने बीस अदद छोटे-बड़े घंटियों (मय जंजीर और ताले) के साथ एक अभियुक्त को धर दबोचा है। अब थाने में अपराधियों की चीख के साथ-साथ पीतल के इन घंटियों की गूंज भी सुनाई देगी!
पुलिस अधीक्षक श्री अंकुर अग्रवाल के सख्त निर्देशों के तहत अपराधियों पर शिकंजा कसने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) श्री दुर्गेश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी महोली श्री नागेन्द्र चौबे के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने पचैनापुर तिराहे के पास से अभियुक्त छोट्टा सिंह पुत्र स्व. केदारी सिंह (निवासी- बसेती) को गिरफ्तार कर लिया।
चोर के कब्जे से पुलिस ने कोई साधारण चोरी का सामान नहीं, बल्कि पूरी एक 'ऑर्केस्ट्रा पार्टी' जितना साजो-सामान बरामद किया। जी हां, कुल 20 अदद छोटे-बड़े घंटे (मय जंजीर व ताले) बरामद हुए। लगता है छोट्टा सिंह जी अपने घर में ही कोई मिनी मंदिर या संगीतशाला खोलने के मूड में थे, जहां हर आरती पर अलग-अलग टन-टन की आवाज आ सके!
कानूनी धाराओं का भारी-भरकम प्रसाद: पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 226/2026 के तहत धारा 331(4) और 305(घ) बीएनएस के साथ-साथ अब धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोत्तरी कर दी। यानी कानूनी शिकंजा उतना ही तगड़ा, जितनी भारी वह जंजीरें थीं जिन्हें चोर महोदय मंदिर से उखाड़ ले गए थे।
पुलिस टीम का अभिनंदन:
इस सनसनीखेज और 'गंभीर' खुलासे को अंजाम देने वाली पुलिस टीम—उ.नि. भगवान यादव, आरक्षी संजय कुमार और आरक्षी विपिन चौहान—की मुस्तैदी वाकई सराहनीय। भगवान के घर में चोरी करने वाले को भगवान के नाम वाले दरोगा जी (श्री भगवान यादव) ने ही ठिकाने लगाया, जिसे इत्तेफाक कहें या न्याय का सुंदर संयोग!
अब छोट्टा सिंह माननीय न्यायालय के समक्ष पेश हो रहे। देखना यह है कि न्यायालय देवता के दरबार में घंटी बजाने वाले इस आधुनिक 'भक्त' को क्या प्रसाद देता है। तब तक के लिए थाना इमलिया सुल्तानपुर की मालखाना शोभा इन बीस घंटियों से जगमगा रही है!
#SitapurPolice #UttarPradeshPolice #CrimeUpdate #GoodWork #LawAndOrder #Sitapur