बिहार के सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज में नवरात्र के दौरान छाती पर कलश रखकर नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना करने वाली 35 वर्षीय सचिता देवी की मौत हो गई। वह नगर परिषद के वार्ड-4 निवासी वीरेंद्र यादव की पत्नी थीं। मंगलवार को पूजा संपन्न होने के बाद वह घर लौटी थीं। उसी रात उनके सीने में तेज दर्द हुआ। बुधवार सुबह परिजन उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, अनुष्ठान के दूसरे दिन ही उनकी हार्ट रेट और पल्स रेट में गिरावट आई थी। डॉक्टर ने डिहाइड्रेशन या हृदय संबंधी समस्या को संभावित वजह बताया है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।