नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रांत के दार्चुला जिले में बड़े भूस्खलन के बाद एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। अपी हिमाल ग्रामीण नगरपालिका के भट्टर इलाके में पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर चौलानी नदी में गिर गया, जिससे नदी का बहाव आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है।
प्रशासन को आशंका है कि अगर पहाड़ से लगातार मलबा और चट्टानें नदी में गिरती रहीं तो नदी का रास्ता पूरी तरह बंद हो सकता है। इससे पानी जमा होकर अचानक तेज बहाव के साथ नीचे की ओर आने और निचले इलाकों में बाढ़ आने का खतरा है।
स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बलों को प्रभावित क्षेत्र में तैनात किया गया है। जवान नदी के जलस्तर पर नजर रख रहे हैं और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन ने आपातकालीन तैयारियां भी बढ़ा दी हैं।
चौलानी नदी आगे चलकर महाकाली नदी में मिलती है, जो भारत-नेपाल की सीमा का हिस्सा है। ऐसे में नदी के बहाव में अचानक बदलाव होने पर सीमावर्ती इलाकों में भी सतर्कता जरूरी मानी जा रही है।