
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026: स्थानीय कलाकारों के लिए सुनहरा अवसर, 14 से 20 जुलाई तक होंगे ऑडिशन
चंबा, 10 जुलाई।
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के इच्छुक स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक दलों के लिए जिला प्रशासन ने ऑडिशन कार्यक्रम की तिथियां घोषित कर दी हैं। अतिरिक्त उपायुक्त एवं मेला अधिकारी अमित मैहरा ने बताया कि कलाकारों के चयन के लिए 14 जुलाई से 20 जुलाई तक पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चंबा में ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सभी ऑडिशन प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक होंगे। इन ऑडिशन के माध्यम से चयनित कलाकारों और सांस्कृतिक दलों को अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने बताया कि ऑडिशन का विस्तृत कार्यक्रम इस प्रकार निर्धारित किया गया है—
14 जुलाई: नगर परिषद चंबा के कलाकार एवं सांस्कृतिक दल
15 जुलाई: उपमंडल चंबा
16 जुलाई: उपमंडल भाटियात एवं डलहौजी
17 जुलाई: उपमंडल सलूणी एवं तीसा
18 जुलाई: उपमंडल भरमौर एवं पांगी
20 जुलाई: जिला चंबा से बाहर के कलाकार एवं सांस्कृतिक दल
उन्होंने कहा कि ऑडिशन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए एक विशेष ऑडिशन समिति का गठन किया गया है। समिति निर्धारित मानकों के आधार पर कलाकारों और सांस्कृतिक दलों का चयन करेगी, ताकि मिंजर मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रस्तुतियां सुनिश्चित की जा सकें।
अतिरिक्त उपायुक्त ने जिले के सभी इच्छुक लोक कलाकारों, गायकों, वादकों, नृत्य दलों तथा सांस्कृतिक संस्थाओं से निर्धारित तिथि एवं समय पर ऑडिशन स्थल पर पहुंचकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मिंजर मेला प्रदेश ही नहीं बल्कि देश-विदेश में अपनी सांस्कृतिक पहचान रखता है और इस मंच पर प्रस्तुति देना कलाकारों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।
#MinjarMela2026 #Chamba #HimachalPradesh #CulturalFestival #LocalArtists #Auditions #FolkCulture #TalentHunt #ArtAndCulture #MinjarFestival #HimachalCulture #ChambaNews
Saach, Chamba | Jul 10, 2026