अमांपुर में पुलिस मुठभेड़, तीन शातिर गौ-तस्कर गिरफ्तार
रानामऊ के जंगल में घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास, जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में लगी गोली; एक कुंतल गौमांस और अवैध हथियार बरामद
कासगंज। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अमांपुर थाना पुलिस ने रानामऊ गांव के जंगल में पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन कथित गौ-तस्करों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, कारतूस, मोटरसाइकिल, एक कुंतल गौमांस और मांस काटने के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 19/20 अगस्त की रात अमांपुर पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोहनपुर रोड स्थित रानामऊ गांव के जंगल में कुछ लोग गोकशी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी कर कांबिंग शुरू की।
पुलिस का कहना है कि इसी दौरान संदिग्ध लोग दिखाई दिए। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके से पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाविद पुत्र मफूल निवासी इंद्रानगर, थाना अमांपुर, कासगंज (घायल), आलेहसन पुत्र बरकत निवासी राजीवनगर कस्बा एवं थाना अमांपुर तथा मशरूम पुत्र सत्तार निवासी राजीवनगर, अमांपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा और तीन खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, दो छुरी, एक बांका, एक रस्सी तथा एक कुंतल गौमांस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना अमांपुर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सहावर दुर्गेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक विकास सक्सेना एवं थाना अमांपुर पुलिस टीम द्वारा की गई।