
हरियाणा राज्य भंडारण निगम की कार्यकारी समिति की 115वीं बैठक सम्पन्न, कर्मचारियों की अपीलों पर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
पंचकूला 12 जुलाई : हरियाणा राज्य भंडारण निगम के चेयरमैन एडवोकेट राम किशन शर्मा की अध्यक्षता में निगम की कार्यकारी समिति की 115वीं बैठक सेक्टर-2 स्थित निगम कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों की अपीलों से संबंधित कुल 66 एजेंडे पुनर्विचार के लिए प्रस्तुत किए गए। ये मामले प्रबंध निदेशक द्वारा विभिन्न प्रकरणों में दी गई सजा एवं रिकवरी से संबंधित थे, जिनकी प्रथम अपीलीय प्राधिकारी कार्यकारी समिति है।
बैठक के दौरान कार्यकारी समिति ने 48 एजेंडों पर विस्तार से सुनवाई करते हुए पुनर्विचार के बाद अपने निर्णय सुनाए। साथ ही कई वर्षों से लंबित रिकवरी मामलों का भी निस्तारण किया गया, जिससे निगम को लाखों रुपये का आर्थिक लाभ हुआ।
बैठक को संबोधित करते हुए चेयरमैन एडवोकेट राम किशन शर्मा ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की वर्तमान नीति में आवश्यक सुधार करने के लिए कदम उठाए जाएंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर सरकार स्तर पर भी सुधार की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
चेयरमैन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतता हुआ पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। चेयरमैन ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि खरीफ सीजन के दौरान पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही ना बरतें।
इस अवसर पर चेयरमैन ने कर्मचारियों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही भर्ती एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए, ताकि निगम का कार्य सुचारू रूप से संचालित होता रहे।
बैठक के अंत में चेयरमैन एडवोकेट राम किशन शर्मा ने निगम की अगली बोर्ड बैठक शीघ्र आयोजित करने का निर्णय लिया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपनी मेहनत, ईमानदारी और टीम भावना के बल पर हरियाणा राज्य भंडारण निगम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपना योगदान दें।