
सिरमौर पुलिस का नशे पर बड़ा प्रहार, लाखों की भुक्की बरामद... आरोपी 3 दिन की पुलिस रिमांड पर
न्यूज टुडे हिमाचल | सिरमौर
हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ जारी अभियान के तहत सिरमौर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल डिटेक्शन टीम, पांवटा साहिब ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 2.722 किलोग्राम चूरापोस्त (भुक्की) बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान स्पेशल डिटेक्शन टीम को सूचना मिली कि राजबन कांटा के समीप एक व्यक्ति अपने घर में मादक पदार्थ छिपाकर रखे हुए है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल दबिश दी।
तलाशी के दौरान पुलिस ने बाबू राम पुत्र भजीया राम, निवासी गांव भजौन, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर, हाल निवासी मुगलावाला, डाकघर राजबन के मकान से 2.722 किलोग्राम चूरापोस्त (भुक्की) बरामद की। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पुरुवाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद अदालत ने उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसे किस उद्देश्य से रखा गया था।
सिरमौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।