
पति-पत्नी 11 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार , बिना नंबर प्लेट की बुलेट के टूल बॉक्स से बरामद हुई हेरोइन।
नूरपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला नूरपुर पुलिस ने खज्जन क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पंजाब के एक दंपती को 11 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों पति-पत्नी बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल पर सवार थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खज्जन क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने एक बिना नंबर प्लेट वाली रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका। मोटरसाइकिल पर पंजाब निवासी पति-पत्नी सवार थे। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के टूल बॉक्स से कथित तौर पर 11 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
चिट्टे की सप्लाई को लेकर जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही नशे की इस खेप के पीछे किसी अन्य व्यक्ति या नेटवर्क की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई कर रही है।
#Nurpur #KangraNews #ChittaNews #HeroinSeized #PunjabCouple #HimachalPolice #DrugFreeHimachal #HimachalNews #UTHimachal #UTNews