
चंडीगढ़ से शिमला ला रहा था 10.34 ग्राम चिट्टा, HRTC बस में दबोचा गया आरोपी।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने शोघी के पास एक HRTC बस में तलाशी अभियान के दौरान 10.34 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान सौरव घारु निवासी कृष्णा नगर, शिमला के रूप में हुई है। आरोपी चंडीगढ़ से HRTC बस के माध्यम से शिमला आ रहा था। संदेह के आधार पर बस की तलाशी लेने पर आरोपी की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया 10.34 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
शिमला पुलिस ने दोहराया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
#Shimla #ShimlaPolice #Chitta #Heroin #NDPS #HimachalNews #NewsTodayHimachal