बिहार में हाल के दिनों में सामने आई लड़कियों से बदसलूकी की घटनाओं को लेकर सियासत तेज हो गई है। आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने 25 सितंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बिहार सरकार और पुलिस-प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री के साथ-साथ बिहार सरकार में बैठे लोगों और पुलिस-प्रशासन के लोगों को चूड़ियां पहन लेनी चाहिए। रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में जमुई, दरभंगा, समस्तीपुर और अब बांका में सामने आई घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में बहन-बेटियों के साथ दरिंदगी का सिलसिला जारी है और कहा कि राज्य में केवल कहने को सरकार है।
जमुई मामले में पुलिस ने POCSO समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। समस्तीपुर मामले में भी चार आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है, जबकि बांका के वायरल वीडियो की पुलिस जांच कर रही है।