#अवैध_ब्लास्टिंग_से_घरों_में_दरार..
भरतपुर। रूपवास क्षेत्र के भिडयानी और काले पट्ठे में नियमों को ताक पर रखकर की जा रही अवैध खनन ब्लास्टिंग से ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। खनन माफियाओं द्वारा रोजाना किए जा रहे भारी विस्फोटों के कारण क्षेत्र के दर्जनों घरों की दीवारें चटक गई हैं और मकानों की नींव हिलने लगी है। इस गंभीर समस्या को लेकर उपखंड कार्यालय के बाहर प्रदेश कुशवाह आरक्षण संघर्ष समिति के बैनर तले धरने पर बैठी महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि खनिज विभाग के नियमों के अनुसार खनन के दौरान इस प्रकार के विस्फोटकों का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद हर दिन धड़ाधड़ ब्लास्टिंग की जा रही है। महिलाओं ने गहरी चिंता जताते हुए कहा कि धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक है कि घर के बाहर खेलने वाले बच्चों पर पत्थर उछलकर गिरने का डर सता रहा है और यहां कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासनिक अनदेखी पर तीखे सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इन विस्फोटों की गूंज वृताधिकारी और खनिज विभाग के दफ्तरों तक साफ सुनाई देती है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी गूंगे-बहरे बने बैठे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार किए बिना इस अवैध ब्लास्टिंग को तुरंत बंद करवाए, अन्यथा उनका यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
Bharatpur, Bharatpur | Jun 13, 2026