दयारा ट्रेक से लापता बबीता पाण्डे मामले में पुलिस ने दी जानकारी, भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील
उत्तरकाशी। दयारा ट्रेक से लापता हुई कु. बबीता पाण्डे की तलाश को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं के बीच उत्तरकाशी पुलिस ने आमजन से सावधानी बरतने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर बिना पुष्टि के तथ्यहीन जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
मामले की जानकारी देते हुए सीओ उत्तरकाशी श्री जनक सिंह पंवार ने बताया कि बबीता पाण्डे की तलाश के लिए व्यापक खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। अभी तक युवती के संबंध में कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के निर्देशन में मैनुअल सर्चिंग के साथ स्वान दस्तों, ड्रोन, हवाई सर्वेक्षण और आधुनिक तकनीकों की मदद से खोज अभियान चलाया जा रहा है। वहीं मामले के सभी संभावित आपराधिक पहलुओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।
उत्तरकाशी पुलिस ने कहा कि उपलब्ध तकनीकी और वैज्ञानिक संसाधनों का उपयोग करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की जा रही है। अभियान की समीक्षा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार की जा रही है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, तथ्यहीन और अपुष्ट जानकारी फैलाने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और बिना सत्यापन किसी भी खबर को साझा न करें।
#उत्तराखंड_न्यूज #उत्तरकाशी #बबीता_पाण्डे #बबीता_पाण्डे_गुमशुदगी #दयारा_ट्रेक #उत्तरकाशी_पुलिस #SearchOperation #MissingCase #PoliceUpdate #BreakingNews #UttarakhandNews #UttarkashiNews #LatestNews
Puraula, Uttarkashi | Jun 24, 2026