अलवर: 'गो सम्मान' ज्ञापन के दौरान हिंदू संगठनों में मंच पर ही दिखी फूट, मिनी सचिवालय में हुई तीखी नोकझोंक।
अलवर गो सम्मान अभियान के तहत जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने पहुंचे विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच सोमवार को मिनी सचिवालय परिसर में उस समय असहज स्थिति बन गई, जब कार्यक्रम के दौरान ही मंच पर मौजूद नेताओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई। नारेबाजी के बीच आपसी मतभेद खुलकर सामने आने से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया और कार्यक्रम का फोकस ज्ञापन से हटकर नेताओं की बयानबाजी पर आ गया। मिनी सचिवालय पहुंचे कार्यकर्ता गोवंश की सुरक्षा, सड़कों पर घूम रही गायों की समस्या तथा पशु चिकित्सालयों में डॉक्टरों की कमी जैसे मुद्दों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन देने आए थे। इसी दौरान बोलने के क्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया। हिंदू नेत्री अंजना दीवान ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब सभी हिंदू एक हैं तो सभी को साथ लेकर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई युवा अपनी कोचिंग और अन्य कार्य छोड़कर यहां पहुंचे हैं, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का अवसर तक नहीं दिया जा रहा। उनके अनुसार, गोवंश की दुर्दशा लगातार बढ़ रही है सड़कों पर गायें बेसहारा घूम रही हैं और पशु चिकित्सालयों में पर्याप्त डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने से उनका समुचित उपचार नहीं हो पा रहा।
Rajgarh, Alwar | Jul 27, 2026