बांका में भीषण अग्निकांड: मोबाइल एसेसरीज की दुकान जलकर राख, 70 लाख का नुकसान; दमकल की देरी पर उठे सवाल
बांका | इस वक्त की बड़ी खबर
बांका जिले के गांधीनगर गर्निया स्थित बांका-अमरपुर मुख्य मार्ग पर शनिवार देर रात एक मोबाइल एसेसरीज की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि दुकान में रखा करीब 70 लाख रुपये मूल्य का मोबाइल एसेसरीज का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
जानकारी के अनुसार, दुकान शत्रुघ्न कुमार की है। बताया जा रहा है कि बगल में उनके चाचा के यहां शादी समारोह होने के कारण पूरा परिवार वहां गया हुआ था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई।
पीड़ित शत्रुघ्न कुमार का आरोप है कि जिला मुख्यालय से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित घटनास्थल पर दमकल की गाड़ियां करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंचीं। तब तक आग पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले चुकी थी और लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि दमकल विभाग समय पर पहुंच जाता, तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिला मुख्यालय से इतनी कम दूरी होने के बावजूद दमकल की गाड़ियां आखिर इतनी देर से क्यों पहुंचीं? यदि राहत कार्य समय पर शुरू होता, तो शायद लाखों रुपये की संपत्ति बचाई जा सकती थी। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Amarpur, Banka | Jul 12, 2026