तीन ट्रैक्टर नहीं छोड़े तो आंदोलन करेंगे: किसान नेता राजकुमार यादव
शिवपुरी-जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के सड़बूड़ सिंध नदी घाट पर अवैध मिट्टी उत्खनन मामले में कार्रवाई का सामना कर रहे किसान जयमंडल सिंह यादव से किसान नेता राजकुमार यादव (सेसई) ने उनके गांव पहुंचकर मुलाकात की। इस दौरान जयमंडल यादव ने कहा कि वह गांव के रास्ते की मरम्मत के लिए अपने निजी ट्रैक्टरों से मिट्टी डाल रहे थे, लेकिन प्रशासन ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर दी।
किसान नेता राजकुमार यादव ने प्रशासन से किसान के जब्त किए गए तीनों ट्रैक्टर तत्काल छोड़ने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ट्रैक्टर नहीं छोड़े गए तो किसानों के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि तहसीलदार से विवाद के बाद सामने आए वीडियो के आधार पर बदरवास पुलिस ने जयमंडल यादव, उनके पिता लाखन यादव और पुत्र विकुल यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया था। इसके बाद प्रशासन ने उनके निर्माणाधीन मकान के एक हिस्से पर बुलडोजर कार्रवाई की, साथ ही लाइसेंसी बंदूक जब्त कर शस्त्र लाइसेंस भी निरस्त कर दिया।