राजापुर तहसील क्षेत्र में बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर किसान पहुंचे कलेक्ट्रेट डीएम को सौंपा ज्ञापन चित्रकूट में किसानों ने बिजली आपूर्ति की बदहाल व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी को आज गुरुवार की सुबह 11 बजे ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि पहाड़ी फीडर, सरधुवा फीडर, राजापुर फीडर और नगरीय फीडरों की क्षमता बढ़ाए जाने के बावजूद क्षेत्र के कई गांवों में पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। किसानों का आरोप है कि लोहदा पंप नहर, लमियारी पंप नहर, औरा पंप नहर तथा चिल्ली मल पंप नहर जैसी सिंचाई परियोजनाएं बिजली के अभाव में सुचारु रूप से संचालित नहीं हो पा रही हैं। इससे धान की रोपाई प्रभावित हो रही है और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और सिंचाई पंप नहरों का संचालन नियमित नहीं हुआ, तो क्षेत्र के हजारों किसान और ग्रामीण शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन और अनशन करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि सभी संबंधित फीडरों की क्षमता के अनुरूप नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए, ताकि सिंचाई व्यवस्था बहाल हो सके और किसानों की फसलें बचाई जा सकें। किसानों ने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
*बाइट- आशीष रघुवंशी*