# गिरिडीह में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सात आरोपी गिरफ्तार
गिरिडीह जिले में पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर पिघला हुआ सोना, चांदी के आभूषण, कांसा-पीतल के बर्तन, गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल समेत कई सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से सरिया और धनवार क्षेत्र में चोरी के कुल 13 मामलों का उद्भेदन हुआ है।
प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, बगोदर, सरिया और खोरीमहुआ अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम लगातार चोरी की घटनाओं की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही थी।
इसी क्रम में 16 अक्टूबर 2026 की रात सरिया थाना क्षेत्र और बरकट्ठा ओपी के बगोड़ीह में चोरी की घटना को अंजाम देकर भाग रहे अपराधियों का पुलिस ने पीछा किया। इस दौरान एक पल्सर मोटरसाइकिल, ताला तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला लोहे का औजार, एक कीपैड मोबाइल और अन्य सामान बरामद किया गया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
इस मामले में बगोड़ीह निवासी शांति देवी की शिकायत पर सरिया थाना में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए गए वाहनों, मोबाइल फोन और चोरी के आभूषणों को पिघलाकर तैयार किए गए सोने के टुकड़ों समेत कई सामान बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कन्हैया कुमार सिंह, सुजीत कुमार सिंह, कृष्ण कुमार, संतोष प्रसाद, हर्ष कुमार, अनिल वर्मा और राजेश कुमार कसेरा के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं के खुलासे में मदद मिली है।