चित्रकूट जिला अस्पताल में डॉक्टर पर अभद्रता व नशे की हालत में ड्यूटी करने का आरोप, कार्रवाई की मांग
चित्रकूट। भाजपा एवं व्यापारी नेता शानू गुप्ता ने जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. कार्तिकेय पटेल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शानू गुप्ता के अनुसार, वह पार्षद शकुन्तला गुप्ता की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें देखने जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने इमरजेंसी में मौजूद डॉ. कार्तिकेय पटेल से मरीज को देखने का अनुरोध किया, लेकिन डॉक्टर ने कथित तौर पर यह कहते हुए मना कर दिया कि उनकी ड्यूटी दोपहर 2 बजे से शुरू होती है और पहले मरीज की फाइल लाने को कहा।
आरोप है कि जब शानू गुप्ता ने मरीज की गंभीर स्थिति का हवाला देते हुए डॉक्टर से तत्काल जांच करने का अनुरोध किया, तो डॉक्टर ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मरीज को देखने से इनकार कर दिया। शानू गुप्ता का यह भी आरोप है कि डॉक्टर नशे की हालत में थे और उन्होंने स्वयं शराब पीने की बात कहते हुए कथित रूप से कहा कि "जो करना है कर लो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।"
घटना के बाद शानू गुप्ता ने कहा कि यदि जिला अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों के साथ इस तरह का व्यवहार किया जाएगा, तो मरीजों का इलाज भगवान भरोसे ही रहेगा। उन्होंने ऐसे चिकित्सक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग की है।
शानू गुप्ता ने बताया कि घटना का वीडियो एवं पूरी जानकारी जिलाधिकारी चित्रकूट और पुलिस अधीक्षक चित्रकूट को भेज दी गई है तथा निष्पक्ष जांच कर संबंधित डॉक्टर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
नोट: यह समाचार शानू गुप्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित चिकित्सक या जिला अस्पताल प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
Karwi, Chitrakoot | Jul 27, 2026